सपा प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
यूपी80 न्यूज, मऊ
“भाजपा नेताओं की मिलीभगत से बड़ी संख्या में फार्म-7 भरवाकर विपक्ष से जुड़े चिन्हित मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है।“ यह आरोप समाजवादी पार्टी ने लगाया है। मतदाता सूची की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर समाजवादी पार्टी ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मुलाकात कर मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की शिकायत की और तत्काल सुधार की मांग की।
मुहम्मदाबाद गोहाना क्षेत्र के बंदीकला बूथ सहित कई स्थानों पर फर्जी तरीके से नाम कटवाने की सूची जिलाधिकारी को सौंपते हुए इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए घातक बताया गया। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करती है और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करे।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आम नागरिकों को अनावश्यक प्रक्रियाओं में उलझाकर परेशान किया जा रहा है। नोटबंदी, कोरोना काल की पाबंदियों, केवाईसी, राशन कार्ड, आधार कार्ड और एसआईआर जैसी प्रक्रियाओं के नाम पर जनता को बार-बार परेशान किया गया है।
पढ़ते रहिए यूपी80 न्यूज: शिक्षा- बलिया के इस परिवार की चारों बेटियां हैं रोल मॉडल
विधायक राजेंद्र कुमार ने कहा कि भाजपा की नीतियां दलित और पिछड़ा वर्ग विरोधी रही हैं और अब चुनावी प्रक्रिया में भी इसी मानसिकता के साथ हस्तक्षेप किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची को मनमाने ढंग से प्रभावित करने का प्रयास हो रहा है, जिसमें स्थानीय स्तर पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है।
ज्ञापन सौंपने वालों में राष्ट्रीय सचिव हाजी इरफान, पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव, जिला महासचिव कुद्दुस अंसारी, पूर्व विधायक बैजनाथ पासवान, पिछड़ा आयोग सदस्य रामप्रताप यादव, प्रदेश सचिव जेपी यादव, विधानसभा अध्यक्ष मास्टर अमान अहमद, जिला उपाध्यक्ष पंकज उपाध्याय, कालिंदी भारद्वाज, उमेश यादव, नगर अध्यक्ष अफजल अलंकार सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पढ़ते रहिए यूपी80 न्यूज: आजादी के उपेक्षित नायक- अमिला के अलगू
Pls read: How to reach Lumbini, by bus, train, taxi or flight













