अन्य जिलों में भी जल्द हो सकता है गठबंधन
यपी80 न्यूज, नोएडा
उत्तर प्रदेश में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल ने गौतमबुद्ध नगर की पांचों जिला पंचायत सीटों पर समझौता किया है। समझौता के तहत सपा के खाते में तीन और आरएलडी के खाते में दो सीटें आई हैं। सपा ने तीनों सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। मंगलवार को आरएलडी अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। हालांकि फिलहाल यह समझौता केवल गौतमबुद्ध नगर में हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही अन्य जिलों में भी इस तरह के समझौते किए जाएंगे।
समझौते के तहत सपा के खाते में वार्ड नंबर 2, 3, और 4 आई हैं, जबकि आरएलडी के खाते में वार्ड नंबर 1 और 5 आई है। सपा ने वार्ड नंबर 2 से गीता भाटी, 3 से मुकेश सिसौदिया और 4 से समीर भाटी को उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि पूर्व में दोनों पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्ष कई स्थानों पर संयुक्त रैलियां कर चुके हैं।
सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह यादव और वरिष्ठ नेता राजकुमार भाटी ने कहा कि सपा और आरएलडी दोनों ही पार्टियां एक ही विचारधारा की पार्टी हैं। उन्होंने दावा किया कि जनपद की पांचों सीट पर जीत दर्ज की जाएगी। इस मौके पर सपा के वरिष्ठ नेता यशवीर सिंह, सुभाष गुर्जर और जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि देश में लगातार बढ़ रही महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी, निजीकरण से देश की जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि जनविरोधी कृषि कानून के खिलाफ पार्टी चुनाव लड़ेगी। इस मौके पर सपा महासचिव श्याम सिंह भाटी, जनार्दन भाटी, बृजेश भाटी, जतन भाटी, नरेंद्र नागर, हरवीर तालान, विनोद लोहिया, विजेंद्र यादव, मनोज चौधरी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।