हर मंडी में होगी अलग व्यवस्था, हर मंडल में खुलेगी टेस्टिंग लैब
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों की उपज को उचित कीमत दिलाने के लिए प्रदेश की योगी सरकार हर मंडी में अलग से व्यवस्था करेगी। इसके अलावा प्रदेश के सभी मंडलों में टेस्टिंग लैब स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नीति आयोग के नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअली सहभागिता करते हुए यह बात कही। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि बुंदेलखंड में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार सहयोग करेगी। इस मौके पर नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार ने प्राकृतिक खेती को लेकर किए जा रहे राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट में भी प्राकृतिक खेती को स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि पीएम की प्रेरणा से 2020 में प्रदेश में नमामि गंगे यात्रा निकाली गई। यात्रा संपन्न होने के बाद प्रदेश में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें 700 से अधिक प्राकृतिक खेती से जुड़े हुए प्रशिक्षकों ने हिस्सा लिया था। प्रशिक्षण कार्यक्रम का सकारात्मक परिणाम देखने को मिला।
नमामि गंगे योजना में भी प्रदेश के 27 जिलों में गंगा के तटवर्ती 10 किमी के क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए दो लाख से अधिक किसानों को जोड़ने का अभियान शुरू किया गया है। इसमें औद्यानिकीकरण और कृषि वानिकी को शामिल किया गया है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी, नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही इत्यादि गणमान्य लोग मौजूद थे।