यूपी80 न्यूज, बलिया
बलिया जनपद के बेल्थरा रोड क्षेत्र के तुर्तीपार चट्टी पर धोबी समाज के लोगों ने उप्र धोबी कल्याण समिति के प्रदेश महामंत्री पूर्व प्रधान अखिलेश कन्नौजिया के नेतृत्व में मंगलवार को संत गाडगे परिनिर्वाण दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने संत का जयकारा लगाया तथा उनके पदचिन्हों पर चलने का शपथ लिया।
बेल्थरारोड के तुर्तीपार स्थित संत गाडगे की प्रतिमा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने संत गाडगे की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महान संत का सपना था कि हमारा समाज आगे बढ़े। इसके लिए उन्होंने समाज के लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। उनका कहना था कि अपनी थाली में एक रोटी कम हो, परन्तु बच्चों की शिक्षा अति आवश्यक है। वक्ताओं ने उनके बारे में बताते हुए कहा कि वह एक घूमते फिरते सामाजिक शिक्षक थे, जो पैरो में फटी हुई चप्पल और सिर पर मिट्टी का कटोरा रखकर पैदल ही यात्रा किया करते थे। उन्होंने अपने जीवन में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया तथा जब वह किसी गाँव में प्रवेश करते थे तो वे तुरंत ही वहां के गंदे पड़े गटर व रास्तों की सफाई में जुट जाते थे। यहां तक कि गांव के लोग उनको इस कार्य के लिए पैसे भी देते थे, जिसका उपयोग वह सामाजिक विकास में लगाते तथा गाँवो में स्कूल, धर्मशाला, अस्पताल और जानवरो के निवास स्थान बनवाते थे।
वक्ताओं ने कहा कि वे जीवन पर्यन्त समाज सुधार के कार्य में लगे रहे। ऐसे संत से हमें प्रेरणा लेकर अपने बच्चों व समाज को शिक्षित करने का कार्य करना चाहिए, ताकि भविष्य में हमारा समाज भी तरक्की के पथ पर अग्रसर हो सके। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सत्यप्रकाश जायसवाल, प्रधान अरुण कुमार, प्रधान सर्वेश कन्नौजिया, सुजीत कन्नौजिया, पूर्व प्रधान लल्लन, डॉ मुन्ना प्रसाद, अजय कन्नौजिया, अनिल कन्नौजिया, राजेश, जवाहिर, सुशील कन्नौजिया, बीरबल, गंगा, विजय, कमलेश, दिनेश कन्नौजिया, अशोक, राजकुमार, विनोद कन्नौजिया, लल्लन प्रसाद आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता उप्र धोबी कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष अशोक कन्नौजिया व संचालन पूर्व बीबीसी अमलेश कन्नौजिया ने किया।