केंद्रीय मंत्री ने जैविक खेती का सुझाव दिया, बीमारियों से मिलेगी राहत
यूपी80 न्यूज, फतेहपुर
जनपद के चौडगरा क्षेत्र स्थित राजकीय कृषि फार्म औंग में बीज भंडार का लोकार्पण करने पहुंची केंद्रीय राज्य मंत्री निरंजन ज्योति ने कार्यक्रम में किसानों के न पहुंचने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला कृषि अधिकारी बृजेश सिंह को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि चार दिन पहले कार्यक्रम सुनिश्चित हुआ था, बावजूद इसके किसानों की उपस्थिति ना होना यह दर्शाता है कि कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार सही ढंग से नहीं किया गया।

केंद्रीय मंत्री श्रीमती ज्योति ने कृषि फार्म के अंदर गंदगी देखकर नाराजगी जतायी। उन्होंने कहा कि मैं दोबारा फिर आऊंगी। तिरंगा यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 13 अगस्त से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर में तिरंगा फहराया जाना चाहिए। उन्होंने किसानों को जैविक खेती करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि शुगर जैसी बीमारी हमारे देश में पैर फैला रही है। अगर हम किसान जैविक खेती पर ध्यान दें तो शुगर-कैंसर जैसी बीमारियों से बचा जा सकता है। कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी बृजेश सिंह, उप कृषि निदेशक राममिलन, क्षेत्र अधीक्षक कमलेश चंद्र, एस डी एम बिंन्दकी मंजू वर्मा, सीओ परशुराम त्रिपाठी, रमाकांत त्रिपाठी, बैजनाथ वर्मा, अरुण कुमार शुक्ला, भारत सिंह चौहान, किसान शैलेंद्र सिंह, राम सिंह सहित एक सैकड़ो लोग उपस्थित थे।