लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
देश में बढ़ते कोरोना की रोकथाम के लिए अब उत्तर प्रदेश में सप्ताह में दो दिन लॉकडाउन (वीकेंड लॉकडाउन) लागू किया जाएगा। अब प्रदेश में शुक्रवार की रात्रि 8 बजे से सोमवार की सुबह 7 बजे तक लॉकडाउन लागू रहेगा। प्रदेश में लागू होने वाले दो दिवसीय लॉकडाउन के दौरान केवल आवश्यक सेवाओं में राहत दी जाएगी। इससे पहले प्रदेश में केवल एक दिन रविवार को लॉकडाउन लागू करने का आदेश जारी किया गया था।
मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम 11 के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक के बाद यह आदेश दिया है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता जारी रहेगी। इस दौरान शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन का कार्य जारी रहेगा।
इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि हम प्रत्येक प्रदेशवासी के जीवन और जीविका की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लॉकडाउन की वजह से किसी भी व्यक्ति के सामने आजीविका का संकट उत्पन्न न हो इसी वजह से हमने सप्ताह में केवल दो दिवसीय लॉकडाउन लागू करने का फैसला किया है। इसके अलावा सीएम ने कहा कि अब जिन शहरों में 500 से ज्यादा एक्टिव केस हैं, वहां रात 8 बजे से लेकर अगले दिन सुबह 7 बजे तक नाईट कफ्र्यू लागू रहेगा।