पार्टी के मुखिया ने सीटें फाइनल होने का किया दावा
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की सहयोगी दल निषाद पार्टी 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने यह घोषणा की है। उन्होंने दावा किया है कि उनकी पार्टी को भाजपा 15 सीटें देगी।

संजय निषाद ने रविवार को कहा कि भाजपा से गठबंधन के तहत विधानसभा चुनाव में उन्हें 15 सीटें मिलेंगी। सीटें फाइनल हो गई हैं। लेकिन सीटों को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। इस बाबत सोमवार को वह भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे।

संजय निषाद के अनुसार निषाद को पार्टी को मिलने वाली 15 में से अधिकांश सीटें पूर्वांचल में हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलते समीकरण की वजह से कुछ सीटें बदलना चाहते हैं।
बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी को मात्र एक सीट पर जीत मिली थी। हालांकि 2018 में गोरखपुर संसदीय सीट पर हुए उपचुनाव में संजय निषाद के पुत्र डॉ.प्रवीण निषाद ने सपा प्रत्याशी के तौर पर भाजपा को करारी शिकस्त दी थी। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में निषाद पार्टी का भाजपा से गठबंधन हो गया और भाजपा के सिंबल पर डॉ.प्रवीण निषाद संत कबीर नगर सीट से सांसद चुने गए।
