समाज कल्याण विभाग में आउटसोर्सिंग पर कार्यरत है महिला
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
पुलिस की नौकरी छोड़ राजनीति में आए यूपी सरकार के मंत्री असीम अरुण के निजी सचिव को पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है। मंत्री असीम अरुण से गुरुवार को एक महिला कर्मचारी ने उनके निजी सचिव जय किशन सिंह पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए आपबीती बताई। महिला की पीड़ा सुनने के बाद मंत्री ने पुलिस को बुलाकर आरोपी जयकिशन सिंह को थाने भिजवा दिया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर छेड़छाड़ की एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में समाज कल्याण विभाग में महिला आउटसोर्सिंग पर काम करती है। गुरुवार को मंत्री अपने दफ्तर में मौजूद थे। इसी बीच महिला अपनी फरियाद लेकर पहुंची। महिला ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि निजी सचिव अक्सर उसे अपने कमरे में बुलाते हैं और आए दिन छेड़छाड़ करते हैं। विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी देते हैं।
महिला की शिकायत सुनने के बाद मंत्री असीम अरुण ने पुलिस को बुलाकर निजी सचिव को गिरफ्तार करवा दिया। मंत्री असीम अरुण के इस कार्य की काफी सराहना हो रही है।