अपर्णा यादव का बदला सपा ने लिया, भाजपा के ब्राह्मण नेता रहे उपेंद्र दत्त शुक्ल की पत्नी सुभावती शुक्ला सपा में शामिल, कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्या भाजपा में शामिल
निर्भया का केस लड़ने वाली चर्चित वकील सीमा कुशवाहा बसपा में शामिल
बलिराम सिंह, लखनऊ
चुनावी मौसम में राजनीतिक दलों के बीच शह-मात का खेल जारी है। भाजपा ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के परिवार में सेंध लगाते हुए अपर्णा यादव को पार्टी में शामिल करा लिया तो गुरुवार को सपा ने भाजपा के गोरखपुर मंडल में सेंध लगाते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं ब्राह्मण चेहरा रहे दिवंगत नेता उपेंद्र दत्त शुक्ला की पत्नी सुभावती शुक्ला को पार्टी में शामिल करा लिया। माना जा रहा है कि सपा उन्हें गोरखपुर से चुनाव में उतार सकती है। उधर, कांग्रेस की “लड़की हूं लड़ सकती हूं” अभियान की पोस्टर गर्ल रही प्रियंका मौर्या का गुरुवार को कांग्रेस से मोहभंग हो गया। प्रियंका मौर्या भाजपा में शामिल हो गईं।
गोरखपुर मंडल में उपेंद्र दत्त शुक्ल को भाजपा का बड़े ब्राह्मण नेताओं में माना जाता था। गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल में उनकी अच्छी छवि थी। पार्टी में वह क्षेत्रीय अध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। कौड़ीराम से वह विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुके थें। 2018 में गोरखपुर लोकसभा उपचुनाव में उपेंद्र दत्त शुक्ल काफी चर्चा में रहे। भाजपा ने उन्हें यहां से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डा.प्रवीण निषाद से पराजित हो गए थे। इसके कुछ समय बाद उपेंद्र दत्त शुक्ल का निधन हो गया। तत्पश्चात कहा जाता है कि उपेंद्र दत्त शुक्ल के परिवार को भाजपा भूल गई। गुरुवार को उपेंद्र दत्त शुक्ल की पत्नी सुभावती शुक्ल समाजवादी पार्टी में शामिल हो गईं। सुभावती शुक्ल का सपा में शामिल होना गोरखपुर मंडल में भाजपा के लिए बड़ा झटका बताया जा रहा है।
कांग्रेस की पोस्टर गर्ल भाजपा में शामिल:
उधर, कांग्रेस की पोस्टर गर्ल रही प्रियंका मौर्या गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गईं। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी द्वारा शुरू किए गए अभियान ‘लड़की हं लड़ सकती हूं’ की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्या थीं। बताया जाता है कि प्रियंका मौर्या जहां से चुनाव लड़ना चाहती थीं, उन्हें वहां से कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया, जिसकी वजह से वह कांग्रेस से नाराज थीं।
निर्भया का केस लड़ने वाली सीमा कुशवाहा बसपा में शामिल:
इसी तरह निर्भया केस एवं हाथरस केस मामले में पीड़ितों को इंसाफ दिलाने वाली सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी में शामिल हो गईं। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलायी। उन्होंने बलात्कार पीड़ितों के लिए नि:शुल्क लड़ने के लिए अभियान शुरू किया एवं निर्भया ज्योति ट्रस्ट की स्थापना करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।