शिवपाल यादव ने कहा- यदि नेताजी चाहते तो आजम खां जेल से बाहर होते
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
शिवपाल सिंह यादव Shivpal Singh Yadav सपा प्रमुख अखिलेश यादव Akhilesh Yadav के बाद अब अपने बड़े भाई एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव Mulayam Singh Yadav पर हमलावर हो गए हैं। शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां Azam Khan से सीतापुर जिला कारागार में मुलाकात के बाद मुलायम सिंह यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) और अखिलेश यादव चाहते तो आजम खां जेल से बाहर होते।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि इस समय विधानसभा में आजम भाई से वरिष्ठ कोई भी विधायक नहीं है, लेकिन समाजवादी पार्टी उनके लिए संघर्ष करते नहीं दिख रही है। प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने अखिलेश यादव के साथ पहली बार अपने बड़े भाई मुलायम सिंह यादव यादव पर भी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नेताजी और अखिलेश यादव चाहते तो आजम खां जेल से बाहर होते। नेताजी ने कुछ नहीं किया, लोकसभा में भी मामला नहीं उठाया। वह चाहते तो धरना कर सकते थे। उन्होंने कहा कि नेताजी के नेतृत्व में संसद में इस मामले को उठाया जाना चाहिए था।
बता दें कि शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को सीतापुर जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां से भेंट की। दोनों नेताओं के बीच 45 मिनट तक वार्ता हुई।
