बलिया के बांसडीह से 7 बार विधायक व 3 बार कैबिनेट मंत्री रहे बच्चा पाठक, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के नेता भी भाजपा में शामिल
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
चुनावी मौसम में नेताओं का दल-बदल जारी है। गुरुवार को बसपा, सपा और कांग्रेस के 13 बड़े नेता भाजपा में शामिल हो गए। इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बलिया के बांसडीह से सात बार विधायक और तीन बार कैबिनेट मंत्री रहे बच्चा पाठक का भतीजा वीरेंद्र पाठक उर्फ टून जी , पूर्व सांसद कुंवर सर्वराज सिंह के बेटे एवं सपा नेता कुंवर सिद्धराज सिंह जैसे नेता शामिल हैं।

लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी की उपस्थिति में इन नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहणा की। वीरेंद्र पाठक 2014 में बसपा के टिकट पर बलिया लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं।

बदायूं के बसपा नेता मेजर कैलाश सागर ने पुन: घर वापसी की। 2012 में इन्होंने बिसौली सीट से चुनाव लड़ा था। 2017 में ये बसपा से प्रत्याशी थे। इसी तरह बांदा जिले की अमिता बाजपेयी ने भी घर वापसी की है। ये 2009 में बांदा लोकसभा से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं। पूर्व सांसद कुंवर सर्वराज सिंह के बेटे कुंवर सिद्धराज सिंह 2017 में बरेली की आंवला सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं।

ये भी हुए शामिल:
बलिया के कांग्रेस नेता परमेश्वर गिरि, लखनऊ के सेवानिवृत आईएएस बाबूराम, लखनऊ के कांग्रेस नेता व पूर्व प्रत्याशी बलदेव चौधरी, लखनऊ पश्चिम से चुनाव लड़ चुके मनोज गुप्ता, लखीमपुर खीरी से सेवानिवृत जिला अधीक्षक डाकघर आनंद किशोर अवस्थी, संत कबीर नगर से शोभित सम्मान सिंह, गोरखपुर महानगर से सपा नेता भानु प्रकाश मिश्र, गोरखपुर के किसान नेता विनय कुमार शुक्ल, फिरोजबाद के सपा नेता दिलीप ठाकुर ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

