विधानसभा चुनाव में 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल
यूपी80 न्यूज, अयोध्या/लखनऊ
भारतीय जनता पार्टी भले ही जनसत्ता दल के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ प्रतापगढ़ के कुंडा विधानसभा सीट से प्रत्याशी उतारने पर मंथन कर रही है, लेकिन राजा भैया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कोई प्रत्याशी खड़ा नहीं करेंगे। यह घोषणा उन्होंने अयोध्या में मीडिया से बात के दौरान की। राजा भैया ने कहा कि मुख्यमंत्री की गोरक्षपीठ से उनके पितामह के जमाने से ही उनका संबंध है एवं हम उनका बहुत सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा सहित अन्य दलों से जनसत्ता दल के समझौता का दरवाजा खुला है।
राजा भैया ने कहा कि फिलहाल उनकी पार्टी प्रदेश की 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इन सीटों पर पार्टी का सांगठनिक ढांचा मजबूत है।
श्रीराम की वजह से मिलती है सफलता:
राजा भैया ने अयोध्या में रामलला का दर्शन करने के बाद कहा कि उनके जीवन में जो भी शुभ है, वह प्रभु श्रीराम की देन है।
रामभवन भी गए राजा भैया:
1949 में विवादित ढांचा से रामलला की मूर्ति हटवाने से इंकार कर सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने वाले ठाकुर गुरुदत्त सिंह की सिविल लाइंस स्थित कोठी ‘राम भवन’ भी गए और गुरुदत्त सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।











