पीएम मोदी व सीएम योगी के नेतृत्व में देश व प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है: सतीश द्विवेदी
यूपी80 न्यूज, सोनभद्र
उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री और सोनभद्र के प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। मंत्री श्री द्विवेदी ने योगी सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने पर रविवार को सोनभद्र में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस कांफ्रेंस के दौरान यह बात कही। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप में खुद मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी ने ब्लड डोनेट किया।
सतीश चंद्र द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश कई महत्वपूर्ण योजनाओं में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पीएम मोदी ने अयोध्या में राम जन्मभूमि स्थल पर भव्य मंदिर निर्माण हेतु जो सराहनीय कार्य किया है, उसे इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिशन शक्ति के अंतर्गत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन के लिए सराहनीय कार्य किया है। मिशन रोजगार के अंतर्गत युवाओं को एक जनपद-एक उत्पाद योजना में 25 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य किया गया। 1 करोड़ 50 लाख से अधिक श्रमिकों को मनरेगा योजनानंतर्गत रोजगार उपलब्ध कराया गया। 10 लाख स्वयं सहायता समूह के माध्यम से 1 करोड़ महिलाओं को उपलब्ध कराने का कार्य किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना में 42 लाख से अधिक आवासों के निर्माण का कार्य कराया गया। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास के अंतर्गत 1 लाख 8 हजार 495 आवासों के निर्माण का कार्य किया गया, जिसमें मुसहर वर्ग, वनटंगिया, कुष्ठ रोग से प्रभावित परिवारों को 50 हजार 602 मुख्यमंत्री आवास दिया गया।
मंत्री श्री द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश में गोरखपुर एवं रायबरेली में एम्स का संचालन, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत में 6 करोड़ 47 लाख लोगों का बीमा कवर, लखनऊ में अटल बिहारी चिकित्सा विश्व विद्यालय का निर्माण कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का यह सपना है कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में राजकीय मेडिकल कालेज की स्थापना हो। इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजनान्तर्गत 15 करोड़ पात्रों को लाभान्वित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा भू-माफियाओं द्वारा अवैध ढंग से अर्जित 1866 करोड़ से अधिक की सम्पत्ति को ध्वस्त/जब्त की गयी।