मृदुला यादव के पुत्र तेज प्रताप यादव से लालू यादव की पुत्री राजलक्ष्मी का हुआ है विवाह
यूपी80 न्यूज, नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश में हो रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की बहू एवं राजद प्रमुख लालू यादव की समधन मृदुला यादव सैफई से निर्विरोध बीडीसी सदस्य चुनी गई हैं। अब मृदुला यादव का ब्लॉक प्रमुख बनना तय माना जा रहा है। मृदुला यादव मैनपुरी के पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव की मां हैं। इस सीट पर मुलायम सिंह परिवार का पिछले 25 सालों से कब्जा है।
बता दें कि मुलायम सिंह यादव के पोते तेज प्रताप यादव से फरवरी 2015 में लालू यादव की छोटी पुत्री राजलक्ष्मी यादव का विवाह हुआ। इस शाही शादी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश की नामचीन हस्तियों ने शिरकत किया था।
ब्लॉक प्रमुख पद 25 सालों से कब्जा:
सैफई में प्रधान, बीडीसी, ब्लॉक प्रमुख, विधायक से लेकर सांसद की सीट तक पर मुलायम परिवार का कब्जा है। 1992 में सैफई पहली बार ब्लॉक बना और 1995 पहली बार बीडीसी के चुनाव में मुलायम सिंह यादव के भतीजे रणवीर सिंह यादव निर्विरोध बीडीसी बनकर ब्लॉक प्रमुख बने थे।
2002 में रणवीर यादव का निधन:
2002 रणवीर यादव की मौत हो गई। उनकी मृत्यु के बाद मुलायम सिंह यादव के भतीजे धर्मेंद्र यादव सैफई से ब्लॉक प्रमुख बने। बाद में वह बदायूं से लोकसभा सांसद चुने गए। धर्मेंद्र यादव के सांसद चुने जाने के बाद यहां से रणवीर यादव के पुत्र तेज प्रताप यादव ब्लॉक प्रमुख चुने गए। 2014 में तेजप्रताप यादव के सांसद बनने के बाद उनकी मां मृदुला यादव ब्लॉक प्रमुख बनी। मृदुला यादव यहां से दूसरी बार निर्विरोध बीडीसी सदस्य चुनी गई हैं।