बेल्थरा रोड के उभांव थाना क्षेत्र का मामला
यूपी80 न्यूज, बेल्थरा रोड
बलिया जनपद के बेल्थरा रोड क्षेत्र में महाशिवरात्रि की रात जब एक परिवार के लोग एक वैवाहिक कार्यक्रम में गए थे, तो उसी दौरान चोरों ने उनके घर में हाथ साफ कर दिया। चोरों ने पुलिस चौकसी को चुनौती देते हुए अस्पताल के समीप स्थित एक सूने मकान में लाखों की चोरी कर दी। इस घटना ने क्षेत्र में रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार भीमपुरा थाना क्षेत्र के विशुनपुरा निवासी अवधेश प्रजापति उभांव थाना से लगभग एक किलोमीटर दक्षिण, डीएन सूर्या अस्पताल के पास अपने नए मकान में परिवार सहित रहते हैं। 14 फरवरी की शाम वह परिवार के साथ पैतृक गांव विशुनपुरा एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। मकान खाली होने की भनक लगते ही शिवरात्रि की रात चोरों ने गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।
चोरों ने एक के बाद एक तीन दरवाजों के ताले तोड़े और कमरों में रखी आलमारी व बॉक्स का लॉक तोड़ डाला। घर में रखा करीब पांच हजार रुपये नकद तथा लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के जेवरात समेट कर फरार हो गए। चोरी गए सामान में सोने की चेन, मंगलसूत्र, पायल, झुमके, नथिया समेत अन्य आभूषण शामिल बताए गए हैं।
सोमवार सुबह पड़ोसी की नजर टूटे ताले पर पड़ी तो उन्होंने फोन कर अवधेश को सूचना दी। सूचना मिलते ही वह लौटे और बिखरा सामान देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। डायल टीम ने मौके का निरीक्षण किया, जबकि दोपहर करीब सवा 12 बजे पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
पीड़ित ने उभांव थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर जल्द खुलासे की मांग की है। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आबादी वाले और अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्र में हुई चोरी से सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर समीक्षा की जरूरत है।












