मुलायम सिंह यादव की सुरक्षा में तैनात रह चुके हैं बघेल, भाजपा ने तीन उम्मीदवारों की घोषणा की
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
सपा प्रमुख अखिलेश यादव को उनके गढ़ करहल में घेरने के लिए भाजपा ने केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल को उतारा है। फिलहाल एसपी सिंह बघेल आगरा से सांसद हैं। सोमवार को अखिलेश यादव एवं एसपी सिंह बघेल ने नामांकन किया। हालांकि अब तक यहां से अखिलेश यादव के खिलाफ उनके छोटे भाई की पत्नी अपर्णा यादव के चुनाव लड़ने की चर्चा थी। लेकिन सोमवार को इन चर्चाओं पर विराम लग गया।


प्रो.एसपी सिंह बघेल मूलत: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के भटपुरा के मूल निवासी हैं। इंस्पेक्टर के तौर पर एसपी सिंह बघेल सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री बनने पर उनकी सुरक्षा में शामिल हो चुके हैं। मुलायम सिंह यादव ने ही एसपी सिंह बघेल को 1998 में जलेसर से सपा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ाया और विधायक चुने गए। श्री बघेल दो बार सांसद रह चुके हैं। आप 2010 में बसपा के टिकट पर राज्यसभा सांसद चुने गए एवं राष्ट्रीय महासचिव बने।

2014 में एसपी सिंह बघेल बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए और भाजपा पिछड़ा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। 2017 में टूंडला सुरक्षित सीट से विधायक बने एवं योगी सरकार में मंत्री के तौर पर शामिल हुए। 2019 में आप आगरा से सांसद चुने गए एवं केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री के तौर पर मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हुए।
