केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा-सपा-बसपा में केवल जाति विशेष का होता था विकास, अनुप्रिया पटेल ने कहा-एनडीए सरकार में गरीब, वंचित तबका हो रहा मजबूत
यूपी80 न्यूज, उन्नाव
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को अपनी सहयोगी पार्टी अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के साथ पहली चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी उपस्थित थे।

भाजपा व अपना दल एस की पहली चुनावी रैली में अमित शाह ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सपा व बसपा को वोटबैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा व बसपा ने कभी भी समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य नहीं किया। सपा आती थी तो एक जाति का विकास होता था और बसपा आती थी तो दूसरी जाति का विकास होता था। लेकिन भाजपा ने ‘सबका साथ-सबका विकास’ की परिकल्पना को साकार किया है।

इस अवसर पर अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2022 का चुनाव विकास व सामाजिक न्याय के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। एनडीए सरकार में प्रदेश में हवाई अड्डों के साथ हर जिले में एक-एक मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। सरकार ने गरीब, कमजोर व पिछड़े वर्ग को उनके अधिकार दिए हैं। उन्होंने आह्वान किया कि आपका एक भी वोट बेकार न जाए।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2022 छोड़िए 2027 में भी अखिलेश यादव का नंबर नहीं आने वाला है। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनपद की सभी 6 सीटों पर एनडीए गठबंधन का कब्जा होगा।
