योगेंद्र यादव ने कहा-चौ.अजित सिंह ने हमेशा सांप्रदायिकता से परे किसानों के दर्द को मुख्यधारा की राजनीति में रखा
यूपी80 न्यूज, नई दिल्ली
देश के पूर्व कृषि मंत्री एवं आरएलडी प्रमुख चौधरी अजित सिंह के निधन पर किसान संगठनों ने दु:ख जताया है। संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने चौधरी अजित सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि चौधरी अजित सिंह ने हमेशा सांप्रदायिकता से परे किसानों के दर्द को मुख्यधारा की राजनीति में रखा था। उन्होंने अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के विचारों को आगे ले जाते हुए इस किसान आंदोलन को भी खुले मन से समर्थन दिया था।
सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड किए जाने पर किसान संगठन नाराज:
किसान संगठनों ने किसान आंदोलन से संबंधित ट्विटर हैंडल amaanbali को सस्पेंड किए जाने पर नाराजगी जतायी है। किसान नेताओं का कहना है कि यह अकाउंट किसान मोर्चे में हो रहे शहीदों की जानकारी समेत किसान आंदोलन से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारियां लोगों के साथ सांझा करता रहा है। इस एकाउंट से कोरोना महामारी से संबंधित भी लोगों की मदद की जा रही है।
किसान फिर करेंगे वापसी:
किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़, बलवीर सिंह राजेवाल, डॉ दर्शन पाल, गुरनाम सिंह चढूनी, हनन मौला, जगजीत सिंह डल्लेवाल, जोगिंदर सिंह उग्राहां, युद्धवीर सिंह और योगेंद्र यादव का कहना है कि कटाई के सीजन के लगभग पूरा होते ही किसानों ने वापस दिल्ली मोर्चो पर पहुंचना शुरू कर दिया है। आज सिंघु बॉर्डर पर किसान अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली में बड़ी संख्या में पहुँचे है। आने वाले दिनों में भी दिल्ली मोर्चो पर इकट्ठा होकर सरकार पर दबाव मनाया जाएगा।
पढ़ते रहिए www.up80.online अखिल भारतीय न्यायिक सेवा के गठन से ओबीसी, एससी-एसटी का बढ़ेगा प्रतिनिधित्व













