यूपी80 न्यूज, मीरजापुर
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह Swatantradev Singh की माताजी रामा देवी Rama devi के निधन के बाद मीरजापुर स्थित उनके पैतृक गांव ओढ़ी पहुंच कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ CM Yogi Adityanath ने शोक संवेदना व्यक्त की एवं रामा देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी ने विंध्याचल धाम पहुंच कर मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन किया और निर्माणाधीन विंध्य कॉरिडोर का निरीक्षण किया। साथ ही, दिव्यांग और बुजुर्गों को मंदिर तक ले जाने वाली इलेक्ट्रिक बुलकॉर्ट कार को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल व नंद गोपाल नंदी व पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह भी मौजूद थे।

शनिवार को पहुंचे दो डिप्टी सीएम:
शनिवार को स्वतंत्रदेव सिंह के पैतृक गांव ओढ़ी में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने दी श्रद्धांजलि:
शनिवार शाम को केंद्रीय मंत्री एवं अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल भी पार्टी पदाधिकारियों के साथ ओढ़ी पहुंचकर रामा देवी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की एवं परिवार को ढांढस बंधाया।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह की मां रामा देवी (97) का होली के दिन बुधवार को उनके पैतृक गांव मीरजापुर स्थित ओढ़ी में निधन हो गया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने गुरुवार को स्वतंत्रदेव सिंह की माता जी के निधन पर उनके पैतृक गांव ओढ़ी (जमालपुर, मीरजापुर) पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त किया था। शुक्रवार को सीएम योगी अपने दो कैबिनेट मंत्रियों के साथ पहुंचे और शनिवार को दोनों डिप्टी सीएम व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल पहुंची।