भाजपा में छट्ठू राम तो हाथी पर सवार हुए इं.प्रवीण प्रकाश
अशोक जायसवाल, लखनऊ
बलिया के बेल्थरा रोड विधानसभा के दो उम्मीदवारों ने पार्टियां तो बदल ली, लेकिन 10 साल बाद दोनों उम्मीदवार एक बार फिर आमने सामने हैं। हम बात कर रहे हैं बेल्थरा रोड से बसपा प्रत्याशी इं. प्रवीण प्रकाश एवं भाजपा प्रत्याशी छट्ठू राम की।

वर्तमान भाजपा प्रत्याशी छट्ठू राम ने 10 साल पहले 2012 में बसपा के टिकट पर बेल्थरा रोड से चुनाव लड़ा था। उनके सामने ओमप्रकाश राजभर की पार्टी सुभासपा प्रत्याशी के तौर पर प्रवीण प्रकाश थे। लेकिन 2012 में इनमें से किसी को विजयश्री नहीं मिली। जीत का तिलक सपा प्रत्याशी गोरख पासवान ने लगाया।

आज 10 साल बाद ये दोनों प्रत्याशी एक बार फिर से आमने-सामने हैं। अंतर बस इतना है कि इस बार छट्ठू राम हाथी की सवारी छोड़ कमल को खिलाने में जुट गए हैं तो दूसरी ओर टिकट से वंचित प्रवीण प्रकाश भाजपा छोड़ हाथी पर सवार हो गए हैं। शनिवार को बसपा सुप्रीमो मायावती ने इन्हें बेल्थरा रोड से उम्मीदवार भी घोषित कर दिया। अब देखना यह है कि इन दोनों में से किस प्रत्याशी को विजय मिलती है अथवा किसी तीसरे को जीत मिलती है। यह 10 मार्च को पता चलेगा। हालांकि अभी तक समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है।
2012 के चुनाव में बेल्थरा रोड सीट का परिणाम:
गोरख पासवान, समाजवादी पार्टी : 57363
छट्ठू राम, बसपा : 47066
प्रवीण प्रकाश, सुभासपा :35578
सूर्यबली राम, भाजपा :14706
