सगड़ी से सपा प्रत्याशी डॉ.एचएन पटेल के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने की यह घोषणा
यूपी80 न्यूज, आजमगढ़
“उत्तर प्रदेश में सत्ता में आने पर आजमगढ़ में सबसे पहले घाघरा नदी के सीमावर्ती क्षेत्र में विकास कार्य किया जाएगा। यहां के लोगों को बाढ़ से बचाने के लिए ठोस इंतजाम किया जाएगा।“ शनिवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आजमगढ़ की सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में डॉ.एचएन पटेल के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए यह विचार व्यक्त किया। इस मौके पर अखिलेश यादव ने आजमगढ़ के लोगों से जनपद की सभी दसों विधानसभा सीटों पर जीताने की अपील की।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पूर्वांचल में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आजमगढ़ जिले की दसों विधानसभा की सीटों को साधने का प्रयास किया। चुनाव प्रचार से पहले उन्होंने सुबह वाराणसी में भगवान शंकर का दर्शन किया और आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर उन्होंने सपा सरकार आने पर प्रदेशवासियों को 300 यूनिट बिजली फ्री, पांच साल तक मुफ्त राशन देने की घोषणा की। उन्होंने वादा किया कि 11 लाख खाली पड़े पदों को भी भरने का काम सपा सरकार करेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा मित्र, पुरानी भर्ती, आंगनवाड़ी, आशा कार्यकर्ता समेत सभी लोगों को समाजवादी पार्टी से उम्मीद है. उन्होंने कहा कि राज्य में सपा सरकार की वापसी पर इन सभी के पक्ष में फैसला लेकर काम किया जाएगा।