सीएम की पसंद विरेंद्र सिंह तो संगठन के अशोक कटारिया
लखनऊ, 23 जुलाई
उत्तर प्रदेश योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की घोषणा कभी भी हो सकती है। मंत्रिमंडल विस्तार में इस बार गुर्जर समाज के प्रतिनिधि को भी शामिल करने की तैयारी है, लेकिन किस गुर्जर नेता को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाए, इसे लेकर सरकार व संगठन पशोपेश में है। गुर्जर समाज से इन दिनों दो नेताओं चौधरी विरेंद्र सिंह और अशोक कटारिया का नाम सबसे आगे है। लेकिन बीजेपी शीर्ष नेतृत्व इन दोनों में से किसे मंत्री बनाए, इसको लेकर असमंजस में है।
यह भी पढ़िए: स्वतंत्रदेव सिंह बने प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा ने खेला पिछड़ा कार्ड
बता दें कि चौधरी विरेंद्र सिंह का नाम उत्तर प्रदेश के गुर्जर समाज में बहुत ही अदब से लिया जाता है। विरेंद्र सिंह छह बार विधायक और दो बार मंत्री रह चुके हैं। फिलहाल सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ये जमीनी नेता के तौर पर जाने जाते हैं। इन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का करीबी माना जाता है।
यह भी पढ़िए: क्या अनुप्रिया पटेल को घेरने के लिए स्वतंत्रदेव सिंह व आनंदी बेन पटेल की नियुक्ति हुई है?
दूसरी ओर, अशोक कटारिया गुर्जर समाज का उभरता हुआ नेता हैं। ये बीजेपी के प्रदेश महामंत्री हैं। बीजेपी संगठन में इनकी अच्छी पकड़ हैं। फिलहाल ये विधान परिषद सदस्य हैं। इन्हें प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल का करीबी माना जाता है। संगठन इन्हें मंत्री बनाना चाहता है।
यह भी पढ़िए: ‘शराब छोड़ो – दूध पियो’ के जरिए लोगों को जोड़ेगी जनता दल (यू)
हालांकि जानकारों का यह भी मानना है कि यदि चौधरी विरेंद्र सिंह एवं अशोक कटारिया में से किसी एक पर सीएम और भाजपा संगठन सहमत नहीं हुए तो तीसरे नेता के तौर पर मेरठ से युवा विधायक सोमेंद्र तोमर को मंत्री बनाया जा सकता है। गुर्जर समाज से आने वाले सोमेंद्र तोमर का संगठन के साथ- साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मधुर संबंध हैं। फिलहाल सोमेंद्र तोमर पंचायती राज समिति के सभापति हैं और पूर्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश संयोजक रह चुके हैं।
हालांकि पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से तीन घंटे की मैराथन बैठक कर चुके हैं। ऐसे में अगले कुछ दिनों में यह तय हो जाएगा कि गुर्जर समाज का कौन नेता प्रदेश का नया क्षत्रप बनेगा।












