अरुणाचल प्रदेश में जदयू के 6 विधायक भाजपा में शामिल
यूपी80 न्यूज, पटना
बिहार चुनाव अभी दो महीने भी नहीं बीते और भाजपा ने अपने सहयोगी जनता दल यूनाइटेड को एक और बड़ा झटका दिया है। बीजेपी ने अरुणाचल प्रदेश में जेडीयू के 6 विधायकों को तोड़ लिया है। फिलहाल अरुणाचल में जेडीयू का मात्र एक विधायक रह गया है। ये सभी विधायक सरकार का समर्थन कर रहे थे। हालांकि इस मामले में अभी तक जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी को छोड़कर अन्य किसी ने तल्ख टिप्पणी नहीं की है।
भाजपा में शामिल होने वाले जदयू विधायकों के नाम तलेम तबोह, जिक्के ताको, हयेंग मंगफी, दोर्जी वांग्डी खर्मा, डोंग्रु सियोंग्जु, कांगोंग ताकू शामिल हैं। इससे पहले बीजेपी ने मेघालय के एकमात्र जेडीयू विधायक को भी अपने पाले में कर लिया था।
उधर, शनिवार से शुरू हो रहे जेडीयू की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में इन विधायकों को भी शामिल होना था। इनके लिए बकायदा इंतजाम भी किया गया था।
बिहार चुनाव में भी दिखा खटास:
इससे पहले बिहार चुनाव में केंद्र में एनडीए की हिस्सेदार लोक जनशक्ति पार्टी द्वारा जदयू प्रत्याशियों के खिलाफ उम्मीदवार उतारना और भाजपा उम्मीदवारों का समर्थन करने से भी जदयू नेताओं और कार्यकत्र्ताओं में गहरी नाराजगी है। इसके अलावा बिहार चुनाव के बाद नीतीश कुमार के करीबी एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को की जगह पर बीजेपी के दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाने से भी नीतीश कुमार असहज महसूस कर रहे हैं। इसी का नतीजा है कि बिहार सरकार का गठन के एक महीने बाद कैबिनेट की बैठक बुलायी गई।













