भाजपा ने पिछड़ों के साथ धोखा किया है: केशव देव मौर्य, महान दल
यूपी80 न्यूज, बांदा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को बुंदेलखंड के जनपद बांदा से 5वीं समाजवादी विजय रथ यात्रा का शुभारंभ करते हुए ऐलान किया कि सपा सरकार आने पर माताओं-बहनों की पेंशन को तीन गुना बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में किसानों को धोखा दिया है। नौजवान बेरोजगारी से जूझ रहा है। अब यह लोगों को ही तय करना है कि उन्हें ‘योगी सरकार चाहिए या योग्य सरकार’ चाहिए। यह यात्रा बांदा से सड़क मार्ग होते हुए महोबा, ललितपुर, झांसी जाएगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनाइए, नौकरी और रोजगार मिलेगा। समाजवादी पेंशन तीन गुना बढ़ाकर माताओं, बहनों की मदद करेंगे। किसानों को उनकी फसलों का सही मूल्य दिलाया जाएगा।
जानबूझकर पेपर लीक करने का आरोप:
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में जानबूझकर पेपर लीक किया जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार इसलिए पेपर लीक कराती है जिससे नौजवानों को नौकरी न देना पड़े।

हर चीज महंगी:
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ाकर हर चीज को महंगा कर दिया है। खाद महंगी हो गई। किसानों को खाद नहीं मिल रही। अवारा पशुओं की वजह से किसान रात भर जगने के बावजूद अपनी फसल को नहीं बचा पा रहा है।
बुंदेलखंड में लोग प्यासे:
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार बुंदेलखंड में फेल हो गई। यहां पानी की व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बिजली का कोई कारखाना नहीं लगा, लेकिन बिजली का बिल बढ़ा दिया है।

भाजपा ने पिछड़ों के साथ धोखा दिया:
महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने कहा कि भाजपा ने पिछड़ों के साथ धोखा दिया है। बीजेपी ने पिछले चुनाव में पिछड़े वर्ग को मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया था, लेकिन अपमानित किया। मौर्य, कुशवाहा और शाक्य समाज के साथ पूरे प्रदेश में अन्यायचार व अत्याचार हुआ।
