मां दुर्गा का आशीर्वाद लेकर काशी से प्रियंका गांधी ने मिशन 2022 का किया शंखनाद
मां गंगा के बेटे पीएम मोदी को किसानों की चिंता नहीं: प्रियंका गांधी
यूपी80 न्यूज, वाराणसी/लखनऊ
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मां दुर्गा का आशीर्वाद लेकर 2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को पटखनी देने का शंखनाद कर दिया है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी से किसान न्याय रैली की शुरूआत की। प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि मां गंगा के बेटे को किसानों की चिंता नहीं है, पीएम मोदी अपने पूंजीपति मित्रों को सरकारी संपत्तियों का स्वामी बनाने में जुटे हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि हम कांग्रेस के सिपाही हैं। कांग्रेस के लोगों ने देश की आजादी लड़ी। हमें जेल में डालिए, हमें मारिए, हमें पीटिए, लेकिन केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी की बर्खास्तगी तक हम लड़ते रहेंगे। हम चुप नहीं बैठेंगे। पिछले 11 महीने से किसान सड़कों पर आंदोलनरत हैं, अनेक किसान शहीद हो गए, लेकिन पीएम के मुख से संवेदना का एक शब्द बोलने को तैयार नहीं है।

किसान न्याय रैली से पहले प्रियंका गांधी ने बाबा विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और अन्नपूर्णा मंदिर में मां भगवती का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने दुर्गाकुंड में मां दुर्गा की पूजा की। किसान न्याय रैली के दौरान प्रियंका गांधी ने मां दुर्गा की स्तुति से शुरू की। प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे ने अपनी गाड़ी से 6 किसानों को कुचल दिया, सभी परिवार न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार मंत्री के बेटे को बचाने में लगी है। सरकार विपक्षी नेताओं को रोकने में लगी है और पीड़ित परिवारों को घरों में नजरबंद किया गया।
सीएम की भाषा असंसदीय बताया:
प्रियंका गांधी ने कहा कि आंदोलन कर रहे किसानों को प्रधानमंत्री ने आंदोलन जीवी कहा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने उन्हें कहा कि उत्तर प्रदेश आओगे तो सुधार देंगे यह भाषा क्या शोभा देती है।
महज 18 हजार करोड़ में बेच दी एयर इंडिया:
प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने एयर इंडिया महज 18 हजार करोड़ में बेच दिया, जबकि एक हवाई जहाज की कीमत 8000 करोड़ का है। उन्होंने कहा कि पीएम ने पिछले साल अपने लिए 2 हवाई जहाज खरीदे थें।
केवल पीएम, उनके मंत्री व उनके उद्योगपति मित्र सुरक्षित हैं:
प्रियंका गांधी ने कहा कि पीएम सुरक्षित हैं, उनके मंत्री सुरक्षित हैं और उनके खरबपति उद्योग मित्र सुरक्षित हैं। लेकिन किसानों की फसलों का उचित दाम नहीं मिलता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या आपके बच्चों की पढ़ाई की फीस जमा हो पा रही है?
किसानों की बिजली तीन बार बढ़ चुकी है:
प्रियंका गांधी ने कहा कि किसानों की बिजली के दाम तीन बार बढ़ा चुके हैं। प्रदेश का हर परिवार त्रस्त है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में मरीजों को ऑक्सीजन नहीं मिला। हाथरस की घटना में पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, धीरज गुर्जर, रोहित चौधरी, प्रदीप नरवाल, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व सांसद राकेश सचान, पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व मंत्री सलमान खुर्शीद जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, मनोज यादव, डॉ.अनूप पटेल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित थें।