पटेल परिवार व अपना दल (एस) कार्यकर्ता स्तब्ध, अनुप्रिया पटेल ने दिया कंधा
कानपुर, 12 नवंबर
अपना दल संस्थापक डॉ.सोनेलाल पटेल के परिवार में सोमवार को एक बार फिर दु:ख का पहाड़ गिर पड़ा। डॉ.सोनेलाल पटेल के बड़े भाई रामचंद्र पटेल के बड़े दामाद अशोक पटेल का बीमारी की वजह से सोमवार को असमय निधन हो गया। मंगलवार को अंत्येष्टी के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, उनकी बहन अमन पटेल, तनुश्री पटेल व तन्वी पटेल व अनुप्रिया पटेल के पति एवं विधान परिषद सदस्य आशीष पटेल ने शव को कंधा दिया। मंगलवार को कानपुर के भैरो घाट पर बौद्ध पद्धति के अनुसार अशोक पटेल जी का दाह संस्कार किया गया।
डॉ. सोनेलाल पटेल के बड़े भाई रामचंद्र पटेल की पुत्री मीरा पटेल का विवाह अशोक पटेल के साथ हुआ था। अशोक पटेल कानपुर में रहते थे। सोमवार को अशोक पटेल का आकस्मिक निधन हो गया। उनके असायमिक निधन की खबर से पूरा पटेल परिवार एवं उनके समर्थक स्तब्ध रह गए। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल तत्काल नई दिल्ली से फ्लाइट के जरिए कानपुर पहुंची। दु:ख की इस घड़ी में पूरा पटेल परिवार एकजुट दिखा। अनुप्रिया पटेल की माताजी कृष्णा पटेल, बड़ी बहन पल्लवी पटेल भी मौजूद थीं।
उत्तर प्रदेश के कारागार राज्यमंत्री जय कुमार सिंह जैकी, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राम लखन पटेल, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एमके सचान, अजय प्रताप सिंह, कानपुर जिलाध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव, मुकेश पटेल सहित पार्टी की पूरी टीम उपस्थित थी।
बता दें कि आज से 10 साल पहले 17 अक्टूबर 2009 में पटेल परिवार को सबसे ज्यादा कष्ट से गुजरना पड़ा था, जब डॉ.सोनेलाल पटेल की एक सड़क दुर्घटना में असमय निधन हो गया और अब उनके दामाद अशोक पटेल का बीमारी की वजह से निधन हो गया।