सपा अध्यक्ष ने हरदोई में सरदार पटेल की प्रतिमा का किया अनावरण
यूपी80 न्यूज, हरदोई/लखनऊ
“सरदार पटेल किसानों की खुशहाली चाहते थे। सरकार में बैठे लोग सरदार पटेल को यदि सच्ची श्रद्धांजलि देना चाहते हैं तो आज ही के दिन तीनों काले कृषि कानून हटा दें।“ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को हरदोई में भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर हरदोई में जनसभा को संबोधित करते हुए यह विचार व्यक्त किया। बता दें कि पिछले डेढ़ महीने से चल रही सपा की ‘किसान-नौजवान-पटेल यात्रा’ का आज समापन हो गया।

अखिलेश यादव ने कहा कि सरदार पटेल के योगदान को हम भूल नहीं सकते। उन्होंने स्वतंत्र भारत में तमाम रियासतों को शामिल करते हुए भारत के एकीकरण का ऐतिहासिक कार्य किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार ने कोरोना काल में जनता को अनाथ छोड़ दिया। उन पर बहुत अत्याचार हुआ। किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों को दुखी कर दिया। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में किसानों की आय को दोगुना करने का वादा पूरा नहीं किया। आज उत्तर प्रदेश में हालात ऐसे हो गए हैं कि ललितपुर में किसान ने खाद के इंतजार में लाइन में खड़े-खड़े दम तोड़ दिया।

चलता रहेगा समाजवादी ‘विजय रथ’:
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार समाजवादी विजय रथ चलता रहेगा। प्रदेश की जनता को न्याय और किसानों, नौजवानों को विजय दिलाने के लिए विजय रथ यात्रा निकाली जा रही है। बीजेपी ने व्यापारियों का काम ठप कर दिया और नौजवानों का रोजगार छीन लिया, उनको न्याय दिलाना है।
पिछड़ों-दलितों के अधिकारों पर कुठाराघात:
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछड़ों, अतिपिछड़ों और दलितों ने बीजेपी की सरकार बनवाई, बावजूद इसके भाजपा ने उनका हक खा लिया। प्रदेश की जनता बहुत दुखी है। सरकार ने जनता को बहुत दुख दिया है।
सपा अध्यक्ष ने हरदोई के प्रयागराजपुर-शाहजहांपुर राजमार्ग पर ग्राम सदरपुर में सरदार पटेल की और समाजसेवी रामलाल सिंह की प्रतिमाओं का अनावरण किया।

बलिया में पटेल जयंती का आयोजन:
उधर, क्रांतिकारी धरती बलिया स्थित सपा कार्यालय में भी वरिष्ठ नेता राजेंद्र कटियार के नेतृत्व में पटेल जयंती का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री अंबिका चौधरी ने कहा कि हमारे लिए सरदार पटेल केवल एक महापुरुष ही नहीं, बल्कि एक देवता के समान हैं। पूर्व मंत्री नारद राय ने कहा कि सरदार पटेल ने देश के जिस धर्मनिरपेक्ष स्वरूप को खड़ा किया, उसे खंड खंड करने की साजिश वर्तमान सत्ता कर रही है, जिसे रोकने का संकल्प हमें उस महापुरुष की जयंती पर आज लेना होगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मंजू सिंह, सुभाष यादव, संजय उपाध्याय, लक्ष्मण गुप्ता, डॉ.विश्राम यादव, यशपाल सिंह, सुशील पाण्डेय ‘कान्हजी’, वंशीधर यादव, साथी रामजी गुप्ता, कामेश्वर सिंह, सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थें।