दिल्ली की सीमाओं पर 26 मार्च को किसान आंदोलन को 4 महीने पूरे होंगे
यूपी80 न्यूज, नई दिल्ली
कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर धरना पर बैठे किसानों को 26 मार्च को 4 महीने पूरे हो जाएंगे। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर पूरे देश में 26 मार्च को देशव्यापी भारत बंद की अपील की गई है। मोर्चा ने आरोप लगाया है कि सरकार किसानों की मांग मानने की बजाय इसे पूरी तरह बदनाम कर रही है।
संयुक्त किसान मोर्चा के वरिष्ठ नेता डॉ.दर्शन पाल ने प्रेस नोट जारी कर देशवासियों से अपील की है कि 26 मार्च को किसानों के आह्वान पर पूर्ण भारत बंद को सफल बनाएं। इस दिन किसानों को दिल्ली में धरने पर बैठे 4 महीने हो जाएंगे। इस दिन सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक देशभर में सभी सड़क व रेल परिवहन, सभी बाजार व अन्य सार्वजनिक स्थान बंद रहेंगे।
चुनाव वाले राज्यों में आवश्यक नहीं:
डॉ.दर्शनपाल का कहना है कि जिन स्थानों पर चुनाव होने जा रहे है वहां पर यह आवश्यक नहीं है। हम देशवासियों से अपील करते है कि इस भारत बंद को सफल बनाकर अपने अन्नदाता का सम्मान करें।
राकेश टिकैत के खिलाफ दर्ज एफआईआर की निंदा:
संयुक्त किसान मोर्चा ने शिवमोगा में किसान नेता चौ.राकेश टिकैत पर दर्ज किए गए एफआईआर की निंदा की है। इसके अलावा बिहार विधानसभा में विपक्ष पर हुए हमले की निंदा की है।
भारत बंद में 300 संगठन शामिल:अंजान
अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव अतुल कुमार अंजान ने घोषणा की है कि 26 मार्च को किसान आंदोलन के 4 महीने पूरे होने के अवसर पर अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति एवं संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 26 मार्च 2021 को संपूर्ण भारत बंद रहेगा। बंद के समर्थन में देश के 300 से अधिक किसान संगठन और दर्जनों राजनीतिक पार्टियां समर्थन कर रही हैं।
राष्ट्रीय किसान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामाशीष राय ने कहा है कि किसानों के समर्थन में स्वत: स्फूर्त व्यावसायियों को अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखना चाहिए। 4 महीने के आंदोलन में सैकड़ों किसानों ने अपना जीवन गंवाया है। उनके बलिदान को देखते हुए भारत बंद का पूर्ण समर्थन करें।
पढ़ते रहिए www.up80.online एमएसपी से नीचे गेहूं बेचने पर 20 दिनों में 205 करोड़ का घाटा












