प्रदेश अध्यक्ष ने दिया आश्वासन, कहा-मुख्यमंत्री से बात करके नियमितीकरण कराने की कोशिश करूंगा
Delegation met Swatantradev Singh demanding regularization of ad hoc principals
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत तदर्थ प्रधानाचार्यों के नियमितीकरण हेतु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह से लखनऊ के भाजपा जिला मंत्री राजकुमार वर्मा के साथ प्रदेश स्तरीय प्रतिनिमंडल ने मुलाकात की और नियमितिकरण की मांग की। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से बात करके नियमितीकरण कराने की कोशिश कराने का आश्वासन दिया।

बता दें कि राज्य के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में कई वर्षों से सबसे वरिष्ठ शिक्षक प्रधानाचार्य के पद पर तदर्थ रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्हें वेतन सहित अन्य लाभ प्रधानाचार्य पद के प्राप्त हो रहे हैं। परंतु उनके ऊपर हमेशा चयन बोर्ड से चयनित अभ्यर्थी के आने का दबाव रहता है, जिससे विद्यालय की शैक्षिक एवं प्रशासनिक गुणवत्ता प्रभावित होने की संभावना बनी रहती है। चयन बोर्ड में भी इन प्रधानाचार्य को विद्यालय के सबसे वरिष्ठ होने के नाते बुलाया जाता है। यदि इनका नियमितीकरण किया जाता है तो सरकार को इन प्रधानाचार्यों के अनुभव का पूरा लाभ प्राप्त होगा तथा सरकार पर कोई वित्तीय भार भी नहीं बढ़ेगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के आवास पर तदर्थ प्रधानाचार्य विनियमितीकरण संघर्ष समिति उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने विनियमितीकरण की प्रासंगिक एवं उचित मांग को तर्कपूर्ण तरीके से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत किया। इस बैठक में पूरे प्रदेश के तदर्थ प्रधानाचार्यों की पीड़ा से प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह को अवगत कराया गया। उन्होंने मामले को समझा तथा प्रधानाचार्यों की जायज मांग पर सकारात्मक पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
प्रधानाचार्यों के प्रतिनिधिमंडल में अनिल कुमार वर्मा अध्यक्ष तदर्थ प्रधानाचार्य विनियमितीकरण संघर्ष समिति, नरेश कुमार मंत्री, अजीत कुमार सिंह कोषाध्यक्ष, डॉक्टर आर.के. सिंह आय व्यय निरीक्षक, साकेत सौरभ सिंह मंत्री लखनऊ, अवधेश मिश्रा संरक्षक लखनऊ, तेजराम उपाध्यक्ष एवं तीरथ लाल सोनकर उपाध्यक्ष लखनऊ उपस्थित रहे।