आलू के बंटवारे को लेकर दो भाइयों का विवाद सुलझाने गए थे दरोगा
यूपी80 न्यूज, आगरा/लखनऊ
आगरा में दो भाइयों का विवाद सुलझाने गए दरोगा प्रशांत कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दरोगा प्रशांत कुमार बुलंदशहर के छतारी के रहने वाले थे। आरोपित की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र के गांव नहर्रा में बुधवार शाम आलू के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। विवाद की सूचना मिलने पर दरोगा प्रशांत कुमार सिपाहियों संग मौके पर पहुंचे। वहां पर आरोपित विश्वनाथ गांव वालों को तमंचे से धमका रहा था। रोकने पर उसने दरोगा पर गोली चला दी। गोली दरोगा के गले में लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। दरोगा को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई है।
मुख्यमंत्री ने शोक प्रकट किया:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सब इंस्पेक्टर प्रशांत यादव के निधन पर दु:ख प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।