महापंचायत में बाबा साहब के पौत्र व मान्यवर कांशीराम की बहन भी होंगी शामिल
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को लखनऊ के कांशीराम स्मृति उपवन में बहुजन महापंचायत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित प्रदेश के तमाम दलित चिंतक व नेता शामिल होंगे। महापंचायत का आयोजन संविधान बचाओ महाआंदोलन समिति की प्रमुख पूर्व सांसद सावित्री बाई फूले की तरफ से किया जा रहा है।

महापंचायत में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ.भीमराव आंबेडकर के पौत्र प्रकाश आंबेडकर, भीमराव यशवंत राव आंबेडकर, बसपा संस्थापक मान्यवर कांशीराम की बहन स्वर्ण कौर, पूर्व न्यायाधीश बीडी नकवी, आयकर विभाग के पूर्व प्रधान आयुक्त सुवचनराम, सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर सहित कई हस्तियां शामिल हो रही हैं। महापंचायत के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव होंगे।

महापंचायत में प्रदेश भर से दलित व अल्पसंख्यक समाज के लोगों के जुटने का दावा किया जा रहा है। यहां भाजपा सरकार को हटाने व संविधान बचाने का संकल्प लिया जाएगा

सावित्री बाई फूले ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि संविधान बचाने के लिए दलितों, पिछड़ों व अल्पसंख्यकों को एकजुट होना होगा। भाजपा सरकार इनके अधिकार छीन रही है। सरकार बहुजनों व मूल निवासियों के हितों वाले कानून समाप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार संविधान में दी गई धर्म निरपेक्ष व्यवस्था को समाप्त कर रही है।

पढ़ते रहिए www.up80.online भाजपा सरकार में पिछड़ों व वंचितों को उनका हक नहीं मिल रहा है: राजभर