बिहार में नीतीश कुमार का जलवा कायम, दोनों सीटों पर जदयू गठबंधन को मिली जीत
यूपी80 न्यूज, नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों के लिए आने वाले समय में विपक्ष से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। दिवाली के ऐन मौके पर देश के 13 राज्यों में हुए उपचुनाव में भाजपा को करारा झटका लगा है। देश में 29 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा को महज 8 सीटों पर ही विजय प्राप्त हुई है। हालांकि भाजपा ने केवल 22 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारी थी। उधर, बिहार में नीतीश कुमार का जादू अभी बरकरार है। जदयू ने कुशेश्वरस्थान और तारापुर की दोनों सीटें जीत ली है।
बिहार:
उधर, बिहार में फिलहाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जादू बरकरार है। जदयू ने यहां की दोनों सीटों कुशेश्वरस्थान और तारापुर की सीट जीत ली है। हालांकि तारापुर में राजद प्रत्याशी ने अंतिम राउंड तक जदयू प्रत्याशी का मुकाबला करता रहा। ऐसे में आने वाले समय में भी जदयू-भाजपा गठबंधन को राजद से टक्कर मिलती रहेगी।

प.बंगाल:
तृणमूल कांग्रेस ने यहां पर क्लीन स्वीप की है। तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा की दो सीटें भी झटक ली है। इसके अलावा तीन सीटों पर 1 लाख के अंतर से तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की है।
राजस्थान:
राजस्थान में भी भाजपा का गढ़ माना जाने वाला धरियावाद सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। इसके अलावा वल्लभनगर की अपनी परंपरागत सीट को भी कांग्रेस ने जीत लिया है।

हिमाचल प्रदेश:
तीन सीटों पर भाजपा को हार मिली है। भाजपा ने अपनी जीती हुई कोटखाई की सीट भी हार गई है। इसके अलावा मंडी लोकसभा सीट को भी कांग्रेस की प्रतिभा सिंह ने जीत ली है। यह सीट पहले भाजपा के कब्जे में थी।
मध्य प्रदेश:
भाजपा ने यहां तीन में से दो सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि 31 सालों से कब्जा वाली रैगांव सीट गंवाती दिख रही है।
असम:
असम की 5 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में एनडीए को सफलता मिली है। पूर्वोत्तर भारत की कुल 10 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा गठबंधन को जीत मिली है।
आंध्र प्रदेश:
बदवेल विधानसभा सीट से वाईएसआर कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की है।