प्रदेश की सुरक्षा- व्यवस्था चुस्त, सोशल मीडिया पर पुलिस टीम की पैनी नजर
नई दिल्ली, 8 नवंबर
अयोध्या राम जन्मभूमि एवं बाबरी मस्जिद विवाद मामले में सुप्रीम कोर्ट शनिवार सुबह 10:30 बजे फैसला सुनाएगा। मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई के नेतृत्व में पांच सदस्यीय संवैधानिक बैंच इस ऐतिहासिक मामले पर अपना फैसला सुनाएगी। इससे पहले मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी और पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह से कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।
सदियों से चल रहे इस विवाद को सुलझाने के लिए फैसला जानने के लिए भारत सहित दुनियाभर की नजरें टिकी हैं। आपसी भाईचारे को कायम रखने एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों के अलावा सामाजिक संस्थाएं भी बैठक कर रही हैं। इसी के मद्दे नजर मुख्य न्यायाधीश ने शुक्रवार को प्रदेश के दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को तलब कर डेढ़ घंटे तक बैठक की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सोशल मीडिया पर पैनी नजर:
उधर, किसी भी अफवाह अथवा विवादित टिप्पणी को रोकने के लिए यूपी पुलिस ने जंबो साइबर टीम तैनात की है। आपकी हर टिप्पणी पर पुलिस के आईटी एक्सपर्ट नजर रख रहे है। यदि आपने कोई भी विवादित टिप्पणी अथवा माहौल खराब करने की कोशिश की तो तुरंत आपके खिलाफ कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़िए: ब्रिटानिया हुकूमत के खिलाफ एकजुटता के लिए तिलक ने गणपति पूजा की परंपरा शुरू की