राकेश टिकैत ने कहा-भाजपा के नेता हमला कराएंगे तो इन्हें सड़कों पर निकलने नहीं दिया जाएगा
यूपी80 न्यूज, नई दिल्ली
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ.राकेश टिकैत पर शुक्रवार शाम को हुए हमला से किसानों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। नाराज किसानों ने शुक्रवार शाम को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे को बंद कर दिया था। इसके अलावा दिल्ली से गाजियाबाद आने वाली लेन को लगभग पौने दो घंटे बंद कर दिया। हालांकि बाद में आवागमन फिर से शुरू हो गया। किसानों ने राकेश टिकैत को सुरक्षा देने की मांग की है। राकेश टिकैत ने चेतावनी देते हुए कहा है, “अलवर में काफिले पर हमला सुनियोजित था। भाजपा के सांसद और विधायक अपने गुंडों से सड़क पर हमला कराएंगे तो यूपी में इनके सांसद-विधायकों को सड़क पर नहीं निकलने दिया जाएगा।”
इस मामले में भारतीय किसान यूनियन ने कहा है कि राकेश टिकैत पर भाजपा के लोगों द्वारा हमला राजनैतिक हताशा का परिचायक है। घटना से नाराज किसानों ने केंद्र की मोदी व प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने बुलंदशहर के खुर्जा जंक्शन क्षेत्र के गांव कलंदरगढ़ी में जाम लगाया। इसी तरह हापुड़ में हाइवे- पर ततारपुर फ्लाईओवर के पास जाम लगाया।
बता दें कि राकेश टिकैत शुक्रवार को राजस्थान के अलवर जिले में रैली को संबोधित करने जा रहे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके। उधर, राजस्थान पुलिस का कहना है कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। भाकियू के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने हमला करने वाले कुलदीप यादव को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया का करीबी और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का कार्यकर्ता बताया है।