योगी सरकार का दावा- सभी श्रमिक सुरक्षित
हेल्प लाइन नंबर जारी
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
इजरायल Israel और अमेरिका USA ने ईरान Iran पर भयंकर बमबारी शुरू कर दिया है। इस हमला में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। उधर, ईरान भी जवाबी हमला शुरू कर दिया है। ऐसी स्थिति में इजरायल में कार्यरत भारतीय श्रमिकों के परिजनों में चिंता बढ़ गई है। इजरायल में भारत के 42 हजार श्रमिका विभिन्न निर्माण कंपनियों में कार्यरत हैं। इनमें से 6,004 निर्माण श्रमिक उत्तर प्रदेश के हैं।
ये श्रमिक राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) एवं इजराइल की सरकारी संस्था पीबा (पॉपुलेशन, इमिग्रेशन एंड बॉर्डर ऑथोरिटी) के माध्यम से चयनित होकर वर्ष 2024 के दौरान इजराइल भेजे गए थे।
ये श्रमिक इजराइल की विभिन्न निर्माण कंपनियों / परियोजनाओं में कार्यरत हैं तथा नियमित रूप से अपने कार्यस्थलों पर कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा इनके कुशलक्षेम पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
मध्य एशिया में वर्तमान में जारी स्थिति के दृष्टिगत भारतीय दूतावास, तेल अवीव द्वारा इजराइल में निवास कर रहे सभी भारतीय नागरिकों हेतु सुरक्षा परामर्श जारी किया गया है। दूतावास द्वारा भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक दूतावास के हेल्पलाइन नंबर एवं ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। इस हेतु तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास द्वारा हेल्पलाइन नम्बर एवं ईमेल का पता भी जारी किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक भारतीय दूतावास, तेल अवीव से 24.7 हेल्पलाइन के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं-
दूरभाष- +972-54-7520711; +972-54-2428378
ई-मेल: cons1telaviv@mea.gov.in
उत्तर प्रदेश के श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने इजराइल में कार्यरत उत्तर प्रदेश के श्रमिकों एवं उनके परिवारों को आश्वस्त किया है कि उत्तर प्रदेश सरकार सभी श्रमिकों की सुरक्षा हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा उनकी सुरक्षा एवं कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग इजराइल स्थित भारतीय दूतावास एवं एन०एस०डी०सी० के साथ सतत संपर्क में है, जिससे इजराइल में कार्यरत 6,004 श्रमिकों की सुरक्षा, संरक्षा एवं कुशलक्षेम की कार्यवाही की जा सके।
उत्तर प्रदेश शासन इजराइल स्थित भारतीय दूतावास के साथ संपर्क में है।
प्रमुख सचिव, श्रम एवं सेवायोजन, डॉ. एम० के० शन्मुगा सुन्दरम् ने इजराइल में भारत के राजदूत जे०पी० सिंह से फोन पर वार्ता की। जेपी सिंह ने अवगत कराया कि स्थिति नियंत्रण में है। दूतावास श्रमिकों के संपर्क में है तथा वर्तमान में किसी प्रकार की चिंता की कोई बात नहीं है।
पॉपुलेशन, इमिग्रेशन एंड बॉर्डर ऑथोरिटी (पिबा) द्वारा भी एक हेल्पलाइन नंबर 1-700-707-889 जारी किया गया है, जिसका संचालन सेंटर फॉर इंटरनेशनल माइग्रेशन एंड इंटीग्रेशन (सिमी) द्वारा किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा आपात स्थिति में भारतीय नागरिक, सहित श्रमिक, उक्त हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इजराइल में वर्तमान में लगभग 42,000 भारतीय नागरिक निवास कर रहे हैं, जिनमें से 6,004 निर्माण श्रमिक उत्तर प्रदेश राज्य से संबंधित हैं।
पढ़ते रहिए यूपी80 न्यूज: पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की बेटी ने हासिल की यह उपलब्धि
पढ़ते रहिए: पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जन्म शताब्दी वर्ष की तैयारी शुरू











