यदि अखिलेश यादव से हार जाऊंगा तो राजनीति से सन्यास ले लूंगा: सुरेंद्र सिंह, भाजपा विधायक, बैरिया
अशोक जायसवाल, बलिया
हमेशा सुर्खियों में रहने वाले बलिया के बैरिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को बैरिया सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि वह अखिलेश यादव से चुनाव हार जाते हैं तो हमेशा के लिए राजनीति से सन्यास ले लेंगे।
भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा है कि यदि अखिलेश यादव बैरिया सीट से चुनाव लड़ते हैं तो वह उन्हें एक लाख वोटों से हराएंगे। सुरेंद्र सिंह यहीं नहीं रूके, उन्होंने किसान आंदोलन को भी विपक्षी दलों द्वारा संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के इशारे पर किसान आंदोलन का आयोजन किया जा रहा है।
मोदी-योगी के सामने नहीं टिकेंगे अखिलेश:
सुरेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने टिक नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के लिए परिवार ही दुनिया है।